इंदौर। नगर निगम द्वारा अवैध कॉलोनी में मकान तोड़े जाने के बाद पार्षद राजू भदौरिया मौके पर पहुंचे। इस दौरान उनकी नगर निगम अधिकारी के साथ तीखी बहस हुई। भदौरिया ने कार्रवाई के तरीके पर सवाल उठाते हुए सत्ता पक्ष और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी निशाना साधा।राजू भदौरिया ने आरोप लगाया कि शहर में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई समान रूप से नहीं की जा रही है। उनका कहना है कि कई जगह अवैध निर्माण जारी हैं, लेकिन कार्रवाई चुनिंदा मकानों पर ही होती है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि शहर में करीब 1700 अवैध कॉलोनियां हैं, तो इन्हें काटने वालों और समय रहते कार्रवाई नहीं करने वाले जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई हुई?भदौरिया ने यह भी आरोप लगाया कि राजनीतिक प्रभाव और अधिकारियों से कथित सांठगांठ के आधार पर कार्रवाई प्रभावित होती है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।अब सवाल यह है कि नगर निगम अवैध कॉलोनियों और निर्माणों के खिलाफ एक समान कार्रवाई कब करेगा और अवैध कॉलोनियां विकसित होने के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही कब तय होगी?
