दूधाखेड़ी माताजी मंदिर के पास दर्दनाक हादसा, गरोठ-भानपुरा मार्ग पर चक्काजाम से लगी वाहनों की लंबी कतारें
मंदसौर | खबर सत्याग्रहमंदसौर जिले के भानपुरा-गरोठ मार्ग पर स्थित दूधाखेड़ी माताजी मंदिर के पास शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में मासूम बच्चे की जान चली गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों और श्रद्धालुओं का आक्रोश फूट पड़ा। लोगों ने पहले ट्राले में तोड़फोड़ की और फिर उसे आग के हवाले कर दिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 5:30 बजे असावदी गांव के लोग दूधाखेड़ी माताजी मंदिर में चुनरी यात्रा लेकर पहुंचे थे। वापसी के दौरान तेज रफ्तार ट्राले की चपेट में आने से एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर से मौके पर मौजूद ग्रामीण और श्रद्धालु आक्रोशित हो उठे।गुस्साए लोगों ने ट्राले में तोड़फोड़ करने के बाद उसमें आग लगा दी। इसके बाद गरोठ-भानपुरा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया गया। चक्काजाम के चलते सड़क के दोनों ओर करीब दो किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ।घटना की सूचना मिलते ही गरोठ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सहित पुलिस प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाकर स्थिति नियंत्रित करने और यातायात बहाल कराने के प्रयास किए।
