महू-नीमच मार्ग पर मातम, सेंट फ्रांसिस स्कूल के छात्रों की दर्दनाक मौत से क्षेत्र में शोक
धार/पीथमपुर | खबर सत्याग्रह
धार जिले के पीथमपुर में महू-नीमच मार्ग पर महिंद्रा ब्रिज के पास एक हृदयविदारक सड़क हादसे में तीन स्कूली छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वालों में दो सगे भाई और एक छात्रा शामिल बताई जा रही है। तीनों सेंट फ्रांसिस स्कूल के विद्यार्थी थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूल की छुट्टी के बाद तीनों विद्यार्थी बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्राले की चपेट में आने से यह भीषण हादसा हो गया। हादसे में तीनों बच्चों की जान चली गई।
इस घटना से मृतक बच्चों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, पीथमपुर के औद्योगिक क्षेत्र में शोक का माहौल है। जिन बच्चों को स्कूल से लौटकर अपने परिवार के बीच पहुंचना था, उनकी असमय मौत ने हर किसी को झकझोर दिया है।
एक सड़क हादसा तीन परिवारों की खुशियां छीन गया। हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी, मृतकों की पहचान और पुलिस की कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि के बाद ही अन्य विवरण स्पष्ट हो सकेंगे।
