इंदौर। पत्रकार आए दिन आमजन और जनप्रतिनिधियों से सवाल करते हैं, लेकिन जब किसी पत्रकार की नन्ही बेटी सार्वजनिक मंच पर मंत्री से सवाल पूछ ले, तो यह पल खास बन जाता है। इंदौर में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम के दौरान ऐसा ही एक दिलचस्प प्रसंग देखने को मिला, जब वरिष्ठ पत्रकार प्रणय कांबले की 7 वर्षीय बेटी प्रश्विता कांबले ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के हाथ में लगी चोट को देखकर उनसे सवाल पूछना चाहा।योजना क्रमांक 78 में विद्युत सलाहकार समिति में विधायक प्रतिनिधि, भाजपा के पूर्व पार्षद एवं समाजसेवी जितेंद्र सिंह बुंदेला द्वारा रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान प्रश्विता बार-बार मंच के सामने से मंत्री का ध्यान आकर्षित कर रही थी। बच्ची की जिज्ञासा देखकर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने स्नेहपूर्वक उसे मंच पर बुला लिया।दरअसल, बच्ची ने मंत्री के हाथ में चोट देखी थी और वह जानना चाहती थी कि उन्हें चोट कैसे लगी। प्रश्विता के सवाल पर मंत्री ने भी सहज अंदाज में जवाब देते हुए बताया कि वे भी बच्चों की तरह खेल रहे थे, उसी दौरान उन्हें चोट लग गई। बच्ची ने जिस मासूमियत से सवाल पूछा, मंत्री ने भी उसी सहजता से उसे जवाब दिया। बच्ची की मासूमियत और मंत्री जी का सहज अंदाज चर्चा का दिलचस्प किस्सा बन गया।
