इंदौर के खुड़ैल थाना क्षेत्र स्थित क्रिसेंट वॉटर पार्क के पास उमरिया खुर्द में वन विभाग के पिंजरे में एक तेंदुआ कैद हो गया। करीब दो दिन की मशक्कत के बाद तेंदुए के पकड़े जाने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली, लेकिन जिस घायल तेंदुए की तलाश की जा रही थी, उसके अब भी इलाके में होने की आशंका है।वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पिंजरे में पकड़ा गया तेंदुआ प्रथम दृष्टया उस घायल तेंदुए से अलग लग रहा है, जिसकी तलाश की जा रही थी। पकड़े गए तेंदुए की जांच की गई है और उसकी पहचान स्पष्ट करने के लिए पहले सामने आए वीडियो से मिलान किया जाना है।वन विभाग ने घायल तेंदुए की तलाश के लिए क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी रखा है और अलग-अलग स्थानों पर पिंजरे लगाए हैं। ऐसे में ग्रामीणों की चिंता अभी पूरी तरह दूर नहीं हुई है। अब सभी की नजरें घायल तेंदुए की तलाश और वन विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
