
इंदौर। खजराना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 6 साल की गुमशुदा बालिका को सकुशल उसके परिजनों तक पहुंचाया। 24 नवंबर की शाम स्टार चौराहे के पास FRB-19 में तैनात आरक्षक पप्पू और आरक्षक जोगेंद्र को बच्ची अकेली मिली थी। पुलिसकर्मी उसे सुरक्षित थाने लेकर पहुंचे और उसकी पहचान के लिए HCM ग्रुप पर जानकारी साझा की।जानकारी के आधार पर पता चला कि बालिका थाना लसूड़िया क्षेत्र के पिपलिया काकड़ की रहने वाली है। इसके बाद लसूड़िया पुलिस और परिजनों की मौजूदगी में बच्ची को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया। मासूम के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने पुलिस का आभार जताया।
