इंदौर में शनिवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच उस समय हिंसक झड़प हो गई, जब भाजयुमो कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन का घेराव करने पहुंचे। वहां पहले से मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई और देखते ही देखते स्थिति पथराव में बदल गई।दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थर, पानी की बोतलें, तेल की थैलियां, टमाटर और संतरे तक फेंके। हालात बेकाबू होते देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया और बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया गया।उपद्रव के दौरान सुरक्षा में तैनात सब इंस्पेक्टर आरएस बघेल के सीने पर बड़ा पत्थर लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना में दोनों पक्षों के कई कार्यकर्ता घायल होने की भी खबर है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार पथराव करने वालों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शहर में कांग्रेस कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात है।• अन्य शहरों में भी विरोधभोपाल में बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने पहले से की गई बैरिकेडिंग के कारण उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया। यहां कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोक-झोंक हुई।ग्वालियर में भाजयुमो ने रैली निकालकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंका और कांग्रेस पर देश की छवि खराब करने का आरोप लगाया।• विवाद की वजहयह विरोध दिल्ली में आयोजित ‘इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026’ के दौरान यूथ कांग्रेस द्वारा किए गए शर्टलेस प्रदर्शन के बाद शुरू हुआ। बीजेपी ने इसे विदेशी प्रतिनिधियों के सामने देश की छवि खराब करने वाला बताया, जबकि कांग्रेस ने इसे बेरोजगारी और डेटा सुरक्षा जैसे मुद्दों पर विरोध का तरीका कहा।
