इंदौर। शहर के भंवरकुआ थाना क्षेत्र में एक बार फिर नियमों को ताक पर रखकर चल रहे कैफे का मामला सामने आया है। प्रेम प्लाजा बिल्डिंग के बेसमेंट में संचालित “Kill Your Anxie Tea” कैफे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक खुलेआम प्रतिबंधित पेन हुक्का (वेप) पीते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो दो से तीन दिन पुराना है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि युवक बिल्कुल बेखौफ अंदाज में बैठकर पेन हुक्का के कश लगा रहे हैं और आसपास मौजूद लोग भी इसे सामान्य बात की तरह देख रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि कैफे शहर की एक व्यस्त बिल्डिंग के बेसमेंट में संचालित हो रहा है, जहां सुरक्षा और नियमों को लेकर पहले से ही सवाल उठते रहे हैं।पास में लाइब्रेरी, रोज आते हैं। छात्र-छात्राएं मामले की गंभीरता इसलिए भी बढ़ जाती है क्योंकि इसी बिल्डिंग के पास एक लाइब्रेरी भी संचालित हो रही है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ाई के लिए आते हैं। ऐसे माहौल में बेसमेंट में धड़ल्ले से पेन हुक्का पीना और कैफे का इस तरह संचालित होना कई सवाल खड़े कर रहा है।बेसमेंट में कैफे… जिम्मेदारी किसकी? स्थानीय लोगों का कहना है कि बेसमेंट में इस तरह कैफे चलना खुद में जोखिम भरा है। यदि कभी कोई बड़ी घटना या हादसा हो जाए तो उसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी? इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों का ध्यान इस ओर जाता नजर नहीं आ रहा है।कार्रवाई होगी या फिर यूं ही चलता रहेगा धुआं? अब देखने वाली बात यह होगी कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन प्रतिबंधित पेन हुक्का पीने वाले युवकों और कैफे संचालक पर कोई कार्रवाई करते हैं या फिर शहर के बेसमेंट कैफे में यूं ही “धुआं” उड़ता रहेगा।
