यात्रियों की जान से खिलवाड़ पड़ा भारी, 5 बसें जब्त… 7 की फिटनेस रद्द

इंदौर। यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाली बसों पर जिला प्रशासन और आरटीओ ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए हड़कंप मचा दिया। तीन इमली चौराहे और रिंग रोड पर चलाए गए सघन जांच अभियान में कई बसों की पोल खुल गई। कहीं इमरजेंसी एग्जिट बंद मिला तो कहीं फायर सेफ्टी सिस्टम ही खराब निकला। कार्रवाई के दौरान 5 बसें जब्त कर ली गईं, जबकि 7 बसों की फिटनेस निरस्त कर दी गई। साथ ही 5 लाख रुपए से ज्यादा का जुर्माना और बकाया टैक्स वसूला गया।कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर एसडीएम घनश्याम धनगर और आरटीओ प्रदीप शर्मा के नेतृत्व में जिला प्रशासन और आरटीओ की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।जांच के दौरान कई बसों में फायर एक्सटिंग्विशर खराब पाए गए, मेडिकल किट नहीं मिली और आपातकालीन निकास व्यवस्था भी मानकों के अनुरूप नहीं थी। इतना ही नहीं, कई वाहन परमिट की शर्तों का उल्लंघन करते भी मिले। प्रशासन ने साफ कहा कि यात्रियों की जान जोखिम में डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।अधिकारियों ने बस चालकों और परिचालकों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि बसों में ज्वलनशील पदार्थ ले जाने से बचें और यात्रियों को इमरजेंसी एग्जिट, कांच तोड़ने वाले हैमर और सुरक्षा उपायों की जानकारी जरूर दें। प्रशासन अब लगातार लोक परिवहन, स्कूल बसों और अन्य यात्री वाहनों की जांच करेगा।
