मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 22 वर्षीय युवती और उसकी तीन माह की मासूम बच्ची को कथित तौर पर घर में घुसकर अगवा कर लिया गया। घटना का वीडियो घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।परिजनों के अनुसार युवती महक पिछले करीब तीन साल से करैरा निवासी पुष्पेंद्र चौहान के साथ इंदौर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। दोनों की तीन माह की बेटी आरोही भी है। परिवार का आरोप है कि पुष्पेंद्र महक को लगातार प्रताड़ित करता था, जिससे परेशान होकर वह अपनी बच्ची के साथ शिवपुरी स्थित मायके लौट आई थी।बताया जा रहा है कि 8 मई की रात आरोपी पुष्पेंद्र अपने 8 से 10 साथियों के साथ हथियार और डंडे लेकर घर पहुंचा। आरोप है कि सभी ने घर में घुसते ही गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद महक और उसकी मासूम बच्ची को जबरन सफेद रंग की वैगन-आर कार में बैठाकर ले जाया गया। जाते-जाते आरोपियों ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार की शिकायत पर मध्य प्रदेश पुलिस ने मुख्य आरोपी पुष्पेंद्र चौहान सहित अन्य लोगों के खिलाफ अपहरण और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।इसी बीच महक का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह अपनी मर्जी से जाने की बात कहती नजर आ रही है। हालांकि परिजन इसे दबाव में बनाया गया वीडियो बता रहे हैं। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है।
