Oplus_131072
पार्षद पुत्र ने निगमकर्मी को दफ्तर में घुसकर पीटा, कर्मचारियों ने ठप की जलापूर्ति
इंदौर के विजय नगर क्षेत्र में निगम कर्मचारी के साथ मारपीट का मामला तूल पकड़ गया है। 114 नंबर पानी की टंकी पर तैनात कर्मचारी अभिषेक के साथ कथित तौर पर पार्षद पुत्र अमित सोनी और उसके साथियों ने दफ्तर में घुसकर जमकर मारपीट की। घटना से नाराज़ निगम कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया, जिसके चलते आसपास के इलाकों में पानी सप्लाई प्रभावित हो गई और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।बताया जा रहा है कि रात के समय अमित सोनी अपने साथियों के साथ टंकी परिसर में पहुंचा। यहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि पार्षद पुत्र और उसके साथियों ने कर्मचारी अभिषेक पर थप्पड़ों की बरसात कर दी और उसके साथ धक्का-मुक्की भी की। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।घटना के बाद निगम कर्मचारियों में भारी आक्रोश फैल गया। कर्मचारियों ने सुरक्षा की मांग को लेकर काम बंद कर विरोध जताया। इसका असर क्षेत्र की जलापूर्ति पर भी पड़ा।वहीं मामले में पार्षद बालमुकुंद सोनी ने अपने बेटे का बचाव करते हुए कहा कि कर्मचारी शराब के नशे में था और उनके बेटे पर पानी चोरी करने का आरोप लगा रहा था, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।हैरानी की बात यह रही कि इतना हंगामा होने के बावजूद मामला अभी तक पुलिस तक नहीं पहुंचा है। अब सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पूरे घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
