
(खबर सत्याग्रह)इंदौर में बढ़ती पानी की किल्लत अब बड़ा जनसंकट बनती जा रही है। बस्तियों से लेकर पॉश कॉलोनियों तक लोग पानी के लिए परेशान हैं। कई इलाकों में नलों ने जवाब दे दिया है और रहवासी टैंकरों के भरोसे जिंदगी चला रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि पानी के लिए जगह-जगह लोगों को सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा।शहर में लगातार गहराते जलसंकट को लेकर अब कांग्रेस भी पूरी तरह मैदान में उतर आई है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष और नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने भाजपा शासित नगर निगम पर निशाना साधते हुए कहा कि शहरवासी बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं, लेकिन जिम्मेदार सिर्फ दावे कर रहे हैं।कांग्रेस ने अब इस मुद्दे को लेकर बड़ा आंदोलन छेड़ने की तैयारी कर ली है। 15 मई को नगर निगम के सभी 22 जोनों पर एक साथ प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के साथ मिलकर निगम कार्यालयों का घेराव करेंगे और नियमित जलापूर्ति की मांग उठाएंगे।चिंटू चौकसे का कहना है कि कई क्षेत्रों में लोग टैंकरों से पानी भरने को मजबूर हैं, जबकि निगम प्रशासन समस्या समाधान के बजाय सिर्फ आश्वासन दे रहा है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द पानी की समस्या दूर नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।भीषण गर्मी के बीच पानी की किल्लत ने शहरवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं और अब यह मुद्दा राजनीतिक रूप भी लेता नजर आ रहा है।
