Oplus_131072
पालदा में पानी संकट पर फूटा गुस्सा, कांग्रेस पार्षद कुणाल सोलंकी सड़क पर दंडवत लेटकर पहुंचे अफसरों तक
इंदौर के वार्ड-75 पालदा में भीषण जल संकट को लेकर रविवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। पानी की समस्या से परेशान रहवासियों ने पालदा चौराहा पर चक्का जाम कर नगर निगम और प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। इस दौरान कांग्रेस पार्षद कुणाल सोलंकी का अनोखा प्रदर्शन पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गया।प्रदर्शन के दौरान पार्षद कुणाल सोलंकी सड़क पर दंडवत होकर रेंगते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंचे और उनके पैरों में गिरकर पानी की गुहार लगाई। भावुक अंदाज में उन्होंने कहा — “सर पानी नहीं है, पानी दिलवा दो… जनता मर जाएगी।” मौके पर मौजूद रहवासियों ने भी अधिकारियों के पैर पकड़कर क्षेत्र में पानी की गंभीर समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की।स्थानीय लोगों का कहना है कि पालदा क्षेत्र में लंबे समय से पानी की भारी किल्लत बनी हुई है। भीषण गर्मी के बीच हालात इतने खराब हो चुके हैं कि लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
