
इंदौर की स्टेट साइबर पुलिस ने कम ब्याज पर लोन दिलाने का झांसा देकर डॉक्टर से 28 लाख 68 हजार रुपए की ठगी करने के मामले में बुधवार को एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की पहचान रितीका सेठी निवासी दिल्ली के रूप में हुई है, जो मूल रूप से हरिद्वार की रहने वाली है।स्टेट साइबर सेल के टीआई दिनेश वर्मा ने बताया कि डॉ. अनीश कश्यप ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि “लोन सारथी” नाम की कंपनी से रितीका सेठी ने उन्हें कॉल किया था। उसने कम ब्याज दर पर लोन दिलाने का लालच दिया और अलग-अलग किश्तों में प्रोसेसिंग फीस, रिफंड और वेरिफिकेशन के नाम पर करीब 28 लाख 68 हजार रुपए अपने बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए।जांच में सामने आया कि आरोपी महिला पहले भी कई शहरों में इस तरह की ठगी कर चुकी है। मुंबई में उसने मारिया नाम की महिला से 12 लाख रुपए की ठगी की थी। इस मामले में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज है, लेकिन पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी थी। वहीं चेन्नई में भी कुछ दिन पहले इसी तरह की धोखाधड़ी का मामला सामने आया था।पुलिस के मुताबिक डॉ. अनीश ने आरोपी को कैश पेमेंट का लालच देकर इंदौर बुलाया था। साथ ही आने-जाने का खर्च देने की भी बात कही थी। रितीका फ्लाइट से इंदौर पहुंची और एक कैफे में मिलने आई। इसी दौरान पहले से घेराबंदी कर बैठी साइबर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। शुरुआती जांच में इस ठगी रैकेट में कई लोगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।
