
इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग और मानसिक तनाव के चलते एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि युवक की रिश्तेदार युवती उस पर शादी का दबाव बना रही थी, जबकि युवक रिश्तेदारी का हवाला देते हुए शादी से इंकार कर रहा था।पुलिस के मुताबिक लोकनायक नगर 60 फीट रोड निवासी शुभम (19) पुत्र राजेश ऑनलाइन पार्सल डिलीवरी का काम करता था और अपने बड़े भाई के साथ रहता था। सुबह मकान का किरायेदार किसी काम से नीचे आया तो कमरे का दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो शुभम फंदे पर लटका हुआ था। इसके बाद उसने तुरंत शुभम के बड़े भाई को सूचना दी, जिससे घर में हड़कंप मच गया।परिवार और आसपास के लोगों से मिली जानकारी के अनुसार शुभम का अपनी ही रिश्तेदार युवती से प्रेम संबंध था। युवती लगातार उस पर शादी का दबाव बना रही थी। शुभम ने रिश्तेदारी होने के कारण शादी से मना कर दिया था। बताया जा रहा है कि देर रात तक दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत हुई थी, जिसके कुछ समय बाद शुभम ने यह कदम उठा लिया।सूचना मिलने पर एरोड्रम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान और मोबाइल बातचीत की जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों की स्पष्ट स्थिति सामने आ सकेगी।
