
इंदौर। शहर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना हीरानगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 मामलों के आरोपी गोपाल बुंदेला को 11 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब 1.20 लाख रुपये बताई जा रही है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 18 जून को थाना हीरानगर की टीम क्षेत्र में गश्त और पतारसी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति ISBT पुल के पास अवैध मादक पदार्थ लेकर खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा।पूछताछ में उसने अपना नाम गोपाल बुंदेला पिता गोविंद बुंदेला, निवासी कारसदेव नगर, इंदौर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 11 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसे पुलिस ने मौके पर ही जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।पुलिस के अनुसार गोपाल बुंदेला के खिलाफ इंदौर शहर के विभिन्न थानों में पहले से करीब 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और ब्राउन शुगर के स्रोत तथा नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। कार्रवाई में थाना हीरानगर पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
