मित्तल कचौरी व स्कीम-54 स्थित टिंकू के सामने रोज बिगड़ती यातायात व्यवस्था, राहगीर और वाहन चालक हो रहे परेशान
इंदौर के विजयनगर क्षेत्र में अव्यवस्थित पार्किंग और अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है। शुक्रवार दोपहर परफेक्ट बेकरी वाली रोड पर मित्तल कचौरी के सामने एक कार (क्रमांक MP-50-CA-7121) सड़क पर खड़ी रही। प्रत्यक्षदर्शी द्वारा उपलब्ध कराए गए वीडियो और जानकारी के अनुसार कार सवार वाहन के अंदर बैठकर कचौरी खा रहे थे। इस दौरान सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और ट्रैफिक धीमा पड़ गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या केवल एक दिन की नहीं है। परफेक्ट बेकरी रोड के अलावा स्कीम नंबर-54 स्थित टिंकू के सामने भी रोजाना सड़क किनारे और नो-पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़े कर दिए जाते हैं। कई दुकानों के बाहर अतिक्रमण और पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग सड़क पर ही वाहन खड़े कर खरीदारी करने चले जाते हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में दिनभर ट्रैफिक प्रभावित रहता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इन स्थानों पर नियमित रूप से कार्रवाई की जाए और पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तो राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिल सकती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि विजयनगर के ऐसे व्यस्त मार्गों पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ नियमित अभियान चलाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए।
