
इंदौर। शहर के एमआर-10 ब्रिज पर गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 40 वर्षीय महिला की जान चली गई। मृतका की पहचान रचना शर्मा पत्नी रविंद्र शर्मा, निवासी नंदानगर सांवेर रोड के रूप में हुई है। वह फैक्ट्री से काम खत्म कर रेपिडो बाइक से घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रेपिडो चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि गंभीर रूप से घायल रचना शर्मा को तत्काल एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद महिला कार के अगले हिस्से में फंस गई और चालक वाहन रोकने के बजाय उसे करीब 200 फीट तक घसीटता रहा। राहगीरों ने कार का पीछा कर उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही हीरानगर थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। लोगों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने करीब चार किलोमीटर तक पीछा कर विजयनगर क्षेत्र में कार को रोक लिया और चालक जितेश सोलंकी निवासी बाबू मुराई कॉलोनी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने कार जब्त कर ली है।हीरानगर थाना प्रभारी सुशील पटेल के अनुसार हादसे के बाद रेपिडो चालक घबराकर मौके से चला गया था, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों, चालक की लापरवाही और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।बताया जा रहा है कि मृतका के पति रविंद्र शर्मा स्थानीय विधायक रमेश मेंदोला के कार्यालय में कार्यरत हैं। परिवार में उनकी तीन बेटियां हैं। हादसे के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है।
