इंदौर में लगातार हो रही बारिश के बीच शनिवार (4 जुलाई 2026) को महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बमोरी चौराहे का निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि जलभराव की स्थिति बनने पर पूरी टीम तुरंत मौके पर मौजूद रहे। महापौर ने बताया कि इसके लिए पहले ही निर्देश जारी किए जा चुके हैं और निगम की टास्क फोर्स भी लगातार मैदान में काम कर रही है।निरीक्षण के दौरान महापौर ने जोन-5 के ज़ोनल अधिकारी (ZO) को कार्य में लापरवाही पर फटकार भी लगाई और स्पष्ट कहा कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।महापौर ने कहा कि स्थानीय लोगों ने उन्हें बताया कि पहले इस क्षेत्र से पानी निकलने में करीब तीन घंटे लगते थे, जबकि अब नगर निगम द्वारा किए गए कार्यों के बाद लगभग आधे घंटे में ही पानी की निकासी हो जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि शुक्रवार रात से हुई तेज बारिश के बावजूद इस बार बमोरी चौराहे पर हर साल की तरह जलभराव की स्थिति देखने को नहीं मिली।इस दौरान खबर सत्याग्रह की ओर से शहर में बारिश के बाद सड़कों पर बने गड्ढों की समस्या को लेकर सवाल पूछे जाने पर महापौर ने कहा कि जहां निर्माण कार्य चल रहा है, वहां कुछ असुविधा होना स्वाभाविक है। हालांकि जिन स्थानों पर निर्माण कार्य नहीं हो रहा है, वहां निगम की टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि जहां से भी गड्ढों या सड़क खराब होने की शिकायत मिले, वहां तत्काल मरम्मत कर समस्या का समाधान किया जाए।
