इंदौर। शहर में बीजेपी मंडल अध्यक्ष के जन्मदिन समारोह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो को विधानसभा-2 के वार्ड क्रमांक 33 और 29 के बीजेपी मंडल अध्यक्ष पृथ्वी गोरे के जन्मदिन समारोह का बताया जा रहा है। वीडियो में उनके समर्थक रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल से करीब 10 से 15 मिनट तक लगातार पटाखे फोड़ते नजर आ रहे हैं। इस दौरान ढोल-नगाड़ों के साथ जन्मदिन का जश्न भी मनाया गया। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि लगातार पटाखे फूटने और तेज आवाज के कारण क्षेत्र में काफी देर तक शोर-शराबा रहा, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना के बाद ध्वनि प्रदूषण और यातायात नियमों के पालन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। अब निगाहें हीरानगर थाना पुलिस पर हैं कि वह वायरल वीडियो की जांच कर नियमों के उल्लंघन की स्थिति में कोई कार्रवाई करती है या मामला केवल सोशल मीडिया तक ही सीमित रह जाता है।गौरतलब है कि कुछ महीनों पहले इंदौर प्रशासन ने मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट मोटरसाइकिलों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की थी। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए गए थे और उन्हें जेसीबी की मदद से नष्ट भी किया गया था। ऐसे में यह वायरल वीडियो एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर रहा है कि प्रशासन की सख्ती के बावजूद यदि शहर में मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेटें अब भी सड़कों पर दौड़ रही हैं, तो उन पर प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हो रही।यदि जांच में यह सामने आता है कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रही मोटरसाइकिलों में मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग किया गया था और नियमों का उल्लंघन हुआ है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई होगी? क्या पुलिस इस वायरल वीडियो की जांच कर ध्वनि प्रदूषण और यातायात नियमों के उल्लंघन के पहलुओं की पड़ताल करेगी? साथ ही, क्या प्रशासन एक बार फिर मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेटों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्ती करेगा, ताकि कानून का समान रूप से पालन सुनिश्चित हो सके? अब इन सवालों के जवाब पुलिस और प्रशासन की आगामी कार्रवाई से ही स्पष्ट होंगे.
