बड़वानी जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर वायरल हुए युवती को जबरन बाइक पर बैठाकर ले जाने के वीडियो मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। मामले में आरोपी हुकुम रावत और उसके साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।पुलिस जांच में सामने आया कि करीब एक माह पहले युवती की पहचान ग्राम निहाली निवासी हुकुम रावत से हुई थी। दोनों ने परिजनों की सहमति के बिना प्रेम विवाह कर लिया था। बाद में युवती को पता चला कि हुकुम पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। इसके बाद युवती ने उसके साथ रहने से इनकार कर दिया और मायके लौट आई।7 जुलाई को युवती अपने मौसा के खेत पर काम कर रही थी, तभी आरोपी अपने साथियों के साथ पहुंचा और उसे कथित रूप से जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर ग्राम निहाली ले गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 8 जुलाई को युवती को आरोपी के घर से सकुशल बरामद कर लिया।पुलिस ने युवती के बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मुख्य आरोपी और उसके साथी फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।बड़वानी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि इस मामले में सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक जानकारी और अफवाहों पर विश्वास न करें। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
