इंदौर। इंदौर में ड्रग्स नेटवर्क की जांच के दौरान मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी का नाम सामने आने के बाद पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। मामले को लेकर डीसीपी नरेंद्र सिंह रावत ने अधिकृत बयान देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए दो कथित ड्रग्स पैडलरों ने पूछताछ के दौरान नाना पटवारी का नाम लिया है। इसी आधार पर उनसे पूछताछ की जा रही है।जानकारी के अनुसार, राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो कथित ड्रग्स पैडलरों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा नाना पटवारी का नाम लिए जाने के बाद पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।डीसीपी नरेंद्र सिंह रावत ने स्पष्ट किया कि फिलहाल जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है।उल्लेखनीय है कि किसी व्यक्ति का नाम आरोपियों द्वारा लिए जाने मात्र से आरोप सिद्ध नहीं हो जाते। मामले में जांच पूरी होने और साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
