इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र के भागीरथपुरा में हुए बर्तन व्यापारी राजेश नायक हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, शराब पीने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी हरिओम ने अपने साथी राजेश पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।घटना भागीरथपुरा इलाके की है। मृतक राजेश नायक और आरोपी हरिओम दोनों बर्तन बेचने का काम करते थे। सोमवार रात शराब पीने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर हरिओम ने राजेश पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल राजेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलने के बाद बाणगंगा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी हरिओम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में शुरुआती तौर पर शराब पीने को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है।मृतक राजेश मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और करीब एक साल से इंदौर में रहकर फुटकर बर्तन बेचने का काम कर रहा था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
