इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र के झालरिया में सोमवार रात पत्नी अनीता और बेटी माही की हत्या के मामले में आरोपी पति सुनील चौहान ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह पत्नी की हत्या के बाद खुद भी सुसाइड करना चाहता था। आरोपी के मुताबिक, उसे बच्चों के भविष्य की चिंता हुई और उसने सोचा कि उसके मरने के बाद बच्चों का क्या होगा। इसके बाद उसने दोनों बच्चों को भी मारने की योजना बना ली। सुनील ने बेटे अजय पर भी जानलेवा हमला किया, लेकिन वह बच गया।एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक, सुनील अपनी पत्नी अनीता के चरित्र पर शक करता था। पूछताछ में उसने दावा किया कि उसे लगता था कि दोनों बच्चे उसके नहीं हैं और गांव का एक युवक अक्सर अनीता से मिलने घर आता था। पुलिस के अनुसार, इसी शक के चलते उसने पहले पत्नी और फिर दोनों बच्चों को मारने की योजना बनाई थी।अनीता के चचेरे भाई बबलू मसौरे ने बताया कि सुनील काफी शकी मिजाज का था। वह अनीता को आसपास के लोगों से बात तक नहीं करने देता था। बबलू के मुताबिक, अनीता को लेकर सुनील ने उससे भी विवाद और मारपीट की थी, जिसके बाद उसने सुनील के घर जाना बंद कर दिया था।आरोपी के घर से एक डायरी जब्त किए जाने की बात भी सामने आई है। सुनील ने दावा किया कि वह इसमें अपने साथ हुई घटनाएं लिखता था और बच्चों को अपना नहीं होने की बात भी दर्ज की थी। हालांकि, एडिशनल डीसीपी के मुताबिक डायरी में अभी तक ऐसी कोई बात सामने नहीं आई है, जिसका हत्याकांड से सीधा संबंध हो। पुलिस का कहना है कि आरोपी जांच को गुमराह करने के लिए ऐसी बातें कर रहा है।
