इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में रेस्टोरेंट कर्मचारी श्रीराम राजपूत की हत्या के बाद शव रखकर चक्काजाम करने के मामले में पुलिस ने मृतक के परिजनों समेत 9 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। दीपमाला चौराहे पर शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया गया, जिससे इंदौर-उज्जैन मार्ग करीब 3 घंटे से ज्यादा समय तक बाधित रहा। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।पुलिस के मुताबिक, श्याम सिंह राजपूत, देवेंद्र सिंह राजपूत, देवेन्द्र, राजपाल, बादल जायसवाल, बलराज उर्फ बलवीर, सोनू सिंह राजपूत, राज राजपूत और जय डीजे सहित अन्य लोगों के खिलाफ बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन कर रास्ता बाधित करने का मामला दर्ज किया गया है।पुलिस का कहना है कि श्रीराम की हत्या के बाद परिजनों को समझाइश दी गई थी। उन्हें बताया गया था कि हत्या के आरोपी राहुल भाटी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव घर ले जाते समय कुछ लोगों ने परिजनों को कथित तौर पर उकसाया, जिसके बाद शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया गया।करीब 3 घंटे तक इंदौर-उज्जैन मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। स्थिति संभालने के लिए पुलिस कंट्रोल रूम से अतिरिक्त बल मौके पर भेजा गया। पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल लोगों के खिलाफ रास्ता बाधित करने की धाराओं में कार्रवाई की है।
