इंदौर में खाद्य विभाग की टीम ने गुरुवार को सयाजी होटल का निरीक्षण किया। इस दौरान होटल के किचन और स्टोरेज एरिया में खाद्य सामग्री के रखरखाव, तापमान, लेबलिंग, साफ-सफाई और लाइसेंस से जुड़ी कई अनियमितताएं सामने आईं। टीम को करीब 66 किलो नॉनवेज खाद्य सामग्री बिना पैकिंग मिली। कोल्ड स्टोरेज में वेज और नॉनवेज सामग्री एक साथ रखी थी, जबकि सी-फूड, चिकन और मटन के लिए अलग-अलग स्टोरेज की व्यवस्था भी नहीं मिली।निरीक्षण के दौरान खाद्य सामग्री के निर्धारित तापमान का उचित रखरखाव नहीं पाया गया। पैक्ड कुल्फी पर मैन्युफैक्चरिंग डेट, एक्सपायरी डेट और बैच नंबर दर्ज नहीं थे। वहीं स्टोर में फ्रोजन डेजर्ट रखा था, जिसे होटल के मेन्यू में आइसक्रीम के नाम से दर्शाया गया था।मूंगफली में फंगस, सड़े टमाटर-आलू भी मिलेखाद्य विभाग की टीम को स्टोर में मूंगफली में फंगस मिला। इसके अलावा सड़े हुए टमाटर और आलू भी रखे मिले। कई खाद्य उत्पाद बिना उचित लेबल के स्टोर किए गए थे। टॉपिंग के कुछ टेट्रापैक लीक मिले, जिससे खाद्य सामग्री के दूषित होने की आशंका सामने आई।किचन परिसर में कॉकरोच और चूहों की लीद भी मिली। निरीक्षण के दौरान टीम को चूहे दिखाई दिए। पैलेट के नीचे भी चूहों की मौजूदगी के संकेत मिले। ड्राई स्टोरेज की दीवार और फर्श में दरारें पाई गईं। गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग व्यवस्था भी नहीं मिली।लाइसेंस में नॉनवेज, बेकरी और स्वीट्स का उल्लेख नहींनिरीक्षण में होटल के लाइसेंस से जुड़ी अनियमितताएं भी सामने आईं। लाइसेंस में नॉनवेज गतिविधि दर्ज नहीं थी, जबकि मौके पर नॉनवेज खाद्य सामग्री का इस्तेमाल पाया गया। इसी तरह बेकरी और स्वीट्स का उल्लेख भी लाइसेंस में नहीं था, जबकि होटल में इन-हाउस बेकरी और मिठाइयों का निर्माण किया जा रहा था। फाइव स्टार होटल के सेंट्रल लाइसेंस को लेकर भी खाद्य विभाग की टीम ने आपत्ति दर्ज की।पनीर, नॉनवेज और ड्राई फ्रूट्स के सैंपल लिएखाद्य विभाग की टीम ने पनीर, कच्चे नॉनवेज, पैक्ड पनीर, सौंफ और ड्राई फ्रूट्स समेत अन्य खाद्य सामग्री के सैंपल लिए हैं। इन सैंपलों की जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
