इंदौर। कनाड़िया पुलिस ने 55 लाख रुपए की अवैध शराब तस्करी के मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हनी पुत्र हरभजन टूटेजा निवासी अमितेश नगर और मोनू उर्फ कृष्णा निवासी रठेर, मुरैना के रूप में हुई है। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से पांच दिन का पुलिस रिमांड मिला है।पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी कमीशन लेकर ग्वालियर और शिवपुरी से शराब इंदौर के रास्ते अलीराजपुर तक पहुंचवाते थे। पूछताछ में उन्होंने दो शराब ठेकेदारों के नाम भी बताए हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।दरअसल, 22 जुलाई को कनाड़िया क्षेत्र में शराब से भरे कंटेनर ने बायपास पर एक वाहन को टक्कर मार दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कंटेनर की जांच की तो उसमें करीब 927 पेटी माउंट ब्रांड की बीयर मिली। कंटेनर में सवार पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।पूछताछ में सामने आया कि शराब ग्वालियर से लाई गई थी और अलीराजपुर भेजी जा रही थी। पुलिस के अनुसार, अलीराजपुर में इस बीयर को छोटी दुकानों और हाईवे किनारे की दुकानों पर कथित तौर पर ‘लालटेन’ नाम से बेचा जाता था। अब पुलिस शराब की सप्लाई चेन, ठेकेदारों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
