झाबुआ। अपनी मांगों को लेकर किसान पिछले पांच दिनों से धरने पर बैठे थे। किसान संघ ने सोमवार शाम 4 बजे के बाद आंदोलन को उग्र करने की चेतावनी दी थी। इसे देखते हुए प्रशासन ने कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे।आंदोलन के उग्र होने की आशंका के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ऑनलाइन माध्यम से किसानों को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने किसानों की मांगों पर बड़ा ऐलान करते हुए जमीन के एवज में चार गुना मुआवजा देने की घोषणा की।मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद प्रशासन और किसान प्रतिनिधियों के बीच बातचीत का रास्ता खुलने की उम्मीद है। वहीं, किसान संगठनों ने सरकार के ऐलान पर आगे की रणनीति तय करने की बात कही है।पांच दिनों से जारी किसान आंदोलन और सोमवार को प्रस्तावित उग्र प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर सहित आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए था।
