बोले- आलीराजपुर को सूखाग्रस्त घोषित करो, खेतों तक पहुंचाओ नर्मदा का पानी
आलीराजपुर। कम बारिश के कारण खेतों में खड़ी फसलों पर मंडरा रहे संकट के बीच आलीराजपुर में किसानों की आवाज बुलंद करने के लिए कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान खुद किसानों के साथ सड़क पर उतर आए। सोमवार को बड़ी संख्या में किसानों के साथ मंत्री भाजपा कार्यालय से पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और किसानों की समस्याओं को प्रशासन के सामने रखा। कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद मंत्री नागर सिंह चौहान किसानों के बीच जमीन पर बैठ गए और उनकी समस्याएं सुनीं। किसानों ने बताया कि कम बारिश के कारण खेतों में पर्याप्त नमी और पानी नहीं है तथा कई क्षेत्रों में फसलें सूखने की कगार पर पहुंच गई हैं। किसानों ने जल्द से जल्द सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने और फसलों को बचाने की मांग की। मंत्री की बड़ी मांग- सूखाग्रस्त घोषित हो आलीराजपुरमंत्री नागर सिंह चौहान ने कलेक्टर से कहा कि जिले में कम बारिश से उत्पन्न स्थिति का आकलन कर आलीराजपुर को सूखाग्रस्त घोषित करने का प्रस्ताव तैयार कर भोपाल भेजा जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके। उन्होंने किसानों की समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग प्रशासन के सामने रखी। 84 गांवों में तीन दिन में पहुंचेगा नर्मदा का पानीकिसानों की समस्याएं सुनने के बाद कलेक्टर नीतू माथुर ने भरोसा दिलाया कि तीन दिन के भीतर 84 गांवों में नर्मदा का पानी शुरू कर दिया जाएगा। इससे किसानों को अपनी सूखती फसलों को बचाने के लिए सिंचाई का पानी मिल सकेगा। मंत्री ने कहा कि किसानों की चिंता उनकी भी चिंता है और फसल को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। अब किसानों की नजर प्रशासन के इस तीन दिन के आश्वासन पर है कि नर्मदा का पानी वास्तव में तय समय में खेतों तक पहुंचता है या नहीं।
