इंदौर। देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर की उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ने जा रहा है। इंदौर को स्वच्छ वायु के क्षेत्र में राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने जा रहा है। इस उपलब्धि को लेकर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो जारी कर शहरवासियों को बधाई दी और इसे पूरे इंदौर की उपलब्धि बताया।महापौर भार्गव ने कहा कि यह पुरस्कार किसी एक व्यक्ति या संस्था का नहीं, बल्कि हर इंदौरवासी के प्रयास, जागरूकता और जनभागीदारी का परिणाम है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में पहचान बनाने के बाद अब इंदौर स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में भी अग्रणी शहरों में अपनी पहचान बनाने जा रहा है। उन्होंने इस उपलब्धि को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर अनंत इंदौर की उपलब्धि बताते हुए कहा कि स्वच्छता से स्वच्छ वायु तक शहर की विकास यात्रा निरंतर जारी है।
