इंदौर। मालवीय नगर में 60 फीट सड़क निर्माण के दौरान खोदा गया गड्ढा पिछले 20-25 दिनों से खुला पड़ा है। यह गड्ढा कॉलोनी की मुख्य सड़क को जोड़ता है, बावजूद इसके अब तक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर कोई उचित कार्रवाई नहीं की गई। इससे वाहन चालकों और रहवासियों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।इसी गड्ढे के पास दो दिन पहले नर्मदा जल की लाइन फूट गई थी, जिसे कल ही जोड़ा गया था। लेकिन आज फिर लाइन फूटने से हजारों लीटर पानी सड़क पर बह गया। रहवासियों के मुताबिक करीब 10 फीट की लाइन में चार से पांच ज्वाइंट हैं। बार-बार लाइन फूटने से ठेकेदार की कार्यप्रणाली और निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।खबर सत्याग्रह पहले भी कई बार ठेकेदार की लापरवाहियों को उजागर कर चुका है, बावजूद इसके जिम्मेदारों के सिर पर जूं तक नहीं रेंग रही। रहवासियों का कहना है कि मुख्य सड़क पर इतने दिनों से गड्ढा खुला होने के कारण आवाजाही में काफी परेशानी हो रही है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।अब सवाल यह है कि बार-बार लाइन फूटने, हजारों लीटर पानी बर्बाद होने और 20-25 दिनों से खुले पड़े जानलेवा गड्ढे के बावजूद जिम्मेदार कब जागेंगे?
