डेढ़ घंटे तक कार में फंसी रहीं राधा देवी सिंघी, पोता और पारिवारिक मित्र घायल
इंदौर। सोमवार शाम करीब 5 बजे सेंट्रल जेल के सामने बारिश के दौरान सड़क से गुजर रही कार पर अचानक भारी-भरकम पेड़ गिर गया। हादसे में कार सवार 75 वर्षीय राधा देवी सिंघी की मौत हो गई। उनके साथ मौजूद पोता प्रखर सिंघी (25) और पारिवारिक मित्र वैशाली जायसवाल (55) घायल हो गए, जिन्हें गोकुलदास अस्पताल में भर्ती कराया गया है।बताया गया कि राधा देवी मोतियाबिंद का ऑपरेशन कराकर लौट रही थीं। पेड़ गिरने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और वह करीब डेढ़ घंटे तक वाहन में फंसी रहीं। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।हादसे के समय राधा देवी की बेटी एवं डिप्टी कलेक्टर पूर्णिमा सिंगी नर्मदा घाटी विभाग की बैठक में मौजूद थीं। घटना की जानकारी मिलने पर कमिश्नर भास्कर लक्ष्यकार ने बैठक निरस्त कर अधिकारियों को मौके पर भेजा। एसीपी विनोद दीक्षित के मुताबिक, मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि दोनों घायलों का इलाज जारी है।
