टांडा रोड से वडोदरा के लिए दौड़ी पहली नियमित मेमू ट्रेन, एमपी-गुजरात की कनेक्टिविटी को मिली नई रफ्तार
धार। आजादी के 79 वर्षों बाद धार जिले के जनजातीय अंचल टांडा को आखिरकार नियमित यात्री रेल सेवा की सौगात मिल गई। मंगलवार, 8 सितंबर 2026 को टांडा रोड रेलवे स्टेशन से वडोदरा (प्रतापनगर) के लिए पहली नियमित मेमू ट्रेन सेवा का शुभारंभ हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वडोदरा से वर्चुअल माध्यम से 12 कोच की मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं टांडा रोड स्टेशन पर केंद्रीय राज्य मंत्री एवं धार सांसद सावित्री ठाकुर ने भी ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।ट्रेन के रवाना होते ही टांडा सहित आसपास के जनजातीय क्षेत्रों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। स्टेशन पर करीब 4 से 5 हजार ग्रामीण, स्थानीय जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में वंदे मातरम् की प्रस्तुति हुई और प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन के दौरान लोगों ने तालियां बजाकर खुशी जताई। लंबे समय से रेल सुविधा का इंतजार कर रहे क्षेत्रवासियों ने इसे क्षेत्र के विकास की बड़ी सौगात बताया।ग्रामीणों का सपना हुआ साकारटांडा रोड रेलवे स्टेशन का भव्य शुभारंभ जनजातीय क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक अवसर रहा। आजादी के बाद पहली बार धार लोकसभा क्षेत्र के इस आदिवासी अंचल में नियमित यात्री रेल सेवा शुरू हुई है। इससे टांडा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन का सस्ता और सुविधाजनक साधन उपलब्ध होगा।एमपी-गुजरात की कनेक्टिविटी होगी मजबूतटांडा रोड से वडोदरा तक नियमित रेल सेवा शुरू होने से मध्य प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों का गुजरात से सीधा संपर्क और आसान होगा। विद्यार्थियों के लिए शिक्षा, युवाओं के लिए रोजगार, किसानों के लिए परिवहन तथा व्यापारियों के लिए नए बाजारों तक पहुंच के अवसर बढ़ेंगे। वडोदरा, छोटा उदयपुर, अलीराजपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी इस रेल सेवा का लाभ मिलने की उम्मीद है।माल परिवहन और व्यापार को भी मिलेगा बढ़ावाटांडा रोड से प्रतापनगर के बीच भविष्य में मालगाड़ियां चलाने का प्रस्ताव भी क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रेल संपर्क बेहतर होने से कृषि उपज और अन्य स्थानीय उत्पादों के परिवहन में सुविधा मिलेगी। इससे व्यापारिक गतिविधियों, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलने की संभावना है।कई बड़ी रेल परियोजनाओं की सौगातकार्यक्रम के दौरान जोबट–टांडा रोड नई रेल लाइन का उद्घाटन किया गया। इसके अलावा वडोदरा–रतलाम तीसरी और चौथी रेल लाइन, मियागाम–करजन–चोरंदा–मालसर गेज परिवर्तन तथा विश्वामित्री–डभोई दोहरीकरण परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। करीब 30,700 करोड़ रुपये की लागत से बने डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को भी राष्ट्र को समर्पित किया गया।सावित्री ठाकुर ने कहा—विकास के नए द्वार खुलेंगेकेंद्रीय राज्य मंत्री एवं धार सांसद सावित्री ठाकुर ने कहा कि टांडा रोड से शुरू हुई पहली नियमित मेमू ट्रेन आदिवासी अंचल के विकास की नई शुरुआत है। रेल सुविधा से किसानों, महिलाओं, युवाओं और विद्यार्थियों के लिए नए अवसर पैदा होंगे। बेहतर कनेक्टिविटी से क्षेत्र में उद्योग, व्यापार और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा मध्य प्रदेश और गुजरात के बीच संपर्क और मजबूत होगा।कार्यक्रम में ये रहे मौजूदटांडा रोड रेलवे स्टेशन के शुभारंभ कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एवं धार सांसद सावित्री ठाकुर, अलीराजपुर विधायक एवं कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान, विधायक नीना विक्रम वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार मेडा, भाजपा जिला अध्यक्ष चंचल पाटीदार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
