वीडियो वायरल, दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
उज्जैन। गणेश चतुर्थी से ठीक पहले उज्जैन जिले के ताजपुर क्षेत्र में गणेश प्रतिमा की आंखों से आंसू निकलने की खबर से श्रद्धालुओं में चर्चा तेज हो गई है। ताजपुर के माता जी के चोपड़ा क्षेत्र स्थित प्राचीन गणेश मंदिर में शनिवार को ग्रामीणों ने प्रतिमा की एक आंख से पानी की बूंदें निकलती हुई देखने का दावा किया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि बूंदें निकलने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण और श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचने लगे। मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना और महाआरती का दौर शुरू हो गया।ग्रामीणों के बीच यह चर्चा भी रही कि परंपरा के अनुसार भगवान गणेश को चोला नहीं चढ़ाया गया था, जिसके बाद प्रतिमा की आंखों से बूंदें निकलने लगीं। बाद में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर गणेशजी को चोला अर्पित किया, जिसके बाद बूंदें कम होने का दावा किया गया। हालांकि, प्रतिमा की आंख से तरल पदार्थ निकलने की वास्तविक वजह क्या है, इसकी अभी कोई आधिकारिक या वैज्ञानिक पुष्टि सामने नहीं आई है। इसलिए घटना को चमत्कार बताने के बजाय फिलहाल इसे स्थानीय श्रद्धालुओं के दावे के रूप में ही देखा जा रहा है।
