Oplus_131072
इंदौर। हरतालिका तीज के पावन अवसर पर इंदौर का ऐतिहासिक राजबाड़ा भक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आया। लोक संस्कृति मंच द्वारा आयोजित भव्य भजन संध्या में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं और भगवान शिव-पार्वती की भक्ति में लीन नजर आईं।रात्रि में आयोजित इस भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक गन्नू महाराज ने शिव-पार्वती की भक्ति से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों पर महिलाएं जमकर झूमती नजर आईं, वहीं पूरे राजबाड़ा क्षेत्र में जयकारों की गूंज सुनाई देती रही। कार्यक्रम में अन्य कलाकारों द्वारा भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।लोक संस्कृति मंच के अध्यक्ष एवं सांसद शंकर लालवानी और संयोजक सतीश शर्मा ने बताया कि हरतालिका तीज महिलाओं के लिए विशेष धार्मिक महत्व रखने वाला पर्व है। इस अवसर पर महिलाएं अपने पति की दीर्घायु और सुखी दांपत्य जीवन की कामना के लिए निर्जला व्रत रखती हैं, जबकि युवतियां अच्छे वर की कामना करती हैं।हरतालिका तीज का व्रत तीज के दिन शुरू होकर अगले दिन ब्रह्म मुहूर्त में पूजन के बाद खोला जाता है। आयोजन में सांसद शंकर लालवानी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
