इंदौर। खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने शहर में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान हाई स्ट्रीट अपोलो, एबी रोड स्थित ट्रिनिटी हॉस्पिटैलिटी (रोमियो लेन) और खातीवाला टैंक की बैराठी कॉलोनी स्थित गोस्वामी मोमोज पर कार्रवाई की। रोमियो लेन के किचन में जांच के दौरान कई खाद्य सुरक्षा संबंधी अनियमितताएं सामने आने पर खाद्य पदार्थों के निर्माण पर तत्काल रोक लगा दी गई।खाद्य सुरक्षा टीम ने ट्रिनिटी हॉस्पिटैलिटी के किचन का निरीक्षण किया। इस दौरान जनरल मैनेजर अमोघ शरण मौके पर मौजूद थे। जांच में फ्रीजर में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे मिले। खाद्य पदार्थों की टैगिंग भी सही तरीके से नहीं की गई थी। किचन में रखा खसखस और मशरूम पुराने और कीटग्रस्त पाए गए, जिन्हें टीम ने मौके पर ही नष्ट कराया।जांच के दौरान परिसर में पानी की जांच रिपोर्ट और खाद्य कर्मियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध नहीं मिले। खाद्य पदार्थों के भंडारण में FIFO और FEFO व्यवस्था का पालन नहीं किया जा रहा था। वहीं, परिसर का खाद्य लाइसेंस भी एक्सपायर्ड मिला। इन अनियमितताओं के चलते किचन में खाद्य पदार्थों के निर्माण पर तत्काल रोक लगा दी गई।पांच खाद्य पदार्थों के सैंपल लिएखाद्य सुरक्षा टीम ने ट्रिनिटी हॉस्पिटैलिटी से पनीर, दही, मूंगफली दाना, खड़ा धनिया और ग्लास वर्मीसेली के पांच सैंपल लिए हैं। सभी सैंपल जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की स्थिति स्पष्ट होगी।शिकायत के बाद गोस्वामी मोमोज पर भी कार्रवाईइसी कार्रवाई के दौरान शिकायत के आधार पर खातीवाला टैंक की बैराठी कॉलोनी स्थित गोस्वामी मोमोज का भी निरीक्षण किया गया। जानकारी के अनुसार यहां दुकान पर मोमोज तैयार कर बेचने के साथ अन्य मोमोज विक्रेताओं को भी सप्लाई किए जा रहे थे।जांच के दौरान विक्रेता पंकज गिरी के पास खाद्य पदार्थों के निर्माण का लाइसेंस नहीं मिला। निर्माण कक्ष के बाहर और बैक लाइन क्षेत्र में अत्यधिक गंदगी भी पाई गई। टीम को जरूरी दस्तावेज भी मौके पर प्रस्तुत नहीं किए गए।खाद्य सुरक्षा टीम ने यहां से पनीर मोमोज और चीज मोमोज के सैंपल लिए हैं। दोनों प्रतिष्ठानों पर मिली अनियमितताओं के आधार पर आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट और विभागीय प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी।
