गड्ढे, जलसंकट, ट्रैफिक और कथित घोटालों को लेकर नगर निगम को घेरा; छह महीने में काम साबित करने या इस्तीफा देने की चुनौती
इंदौर | खबर सत्याग्रहइंदौर में शहर की बदहाल सड़कों, जलसंकट, यातायात अव्यवस्था और नगर निगम में कथित घोटालों को लेकर कांग्रेस ने सोमवार, 19 अक्टूबर को रीगल चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट भाटिया के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में महापौर पुष्यमित्र भार्गव के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ‘मित्रासुर’ नाम से तैयार पुतले का दहन किया गया।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने शहर की सड़कों पर बने गड्ढों, पेयजल संकट, ड्रेनेज व्यवस्था, ट्रैफिक की समस्याओं और कथित अनियमितताओं को लेकर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। प्रदर्शन के लिए लाए गए ‘मित्रासुर’ के पुतले पर शहर की विभिन्न समस्याओं और कथित घोटालों से जुड़े नाम लिखे गए थे। इनमें जलसंकट, फर्जी नामांतरण, कथित फर्जी बिल, अवैध होर्डिंग और ट्रैफिक व्यवस्था जैसे मुद्दे शामिल थे।नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट भाटिया ने आरोप लगाया कि महापौर खुद को शहर का मित्र बताते हैं, लेकिन बुनियादी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने भागीरथपुरा में दूषित पेयजल की घटना, सड़कों की खराब स्थिति और यातायात व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने महापौर को चुनौती दी कि वे अगले छह महीने में अपने काम का हिसाब दें, अन्यथा पद से इस्तीफा दें।प्रदर्शन में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान महापौर और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। कांग्रेस ने नगर निगम से शहर की मूलभूत समस्याओं के समाधान और कथित अनियमितताओं पर जवाबदेही तय करने की मांग की।
