इंदौर। विजय नगर थाना क्षेत्र में पुलिस आरक्षक की बहादुरी और सूझबूझ का मामला सामने आया है। भुसामंडी रोड पर एक युवक ने खुद को कमरे में बंद कर लिया था और उसके हाथ में चाकू था। सूचना मिलने पर डायल-100 की एफआरवी-30 मौके पर पहुंची। इसी दौरान गश्त कर रहे थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल और आरक्षक राजपाल सैंधव भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।कमरे में जितेंद्र रघुवंशी (32), निवासी मूलतः रायसेन, अपनी बहन के साथ मौजूद था। युवक के हाथ में चाकू होने के कारण पुलिस टीम ने सावधानीपूर्वक कमरे में प्रवेश किया और करीब आधे घंटे तक उसे समझाइश देकर चाकू छोड़ने के लिए मनाने का प्रयास किया। इसी दौरान जब आरक्षक राजपाल सैंधव ने युवक के हाथ से चाकू छुड़ाने की कोशिश की, तो युवक ने अचानक उनकी पीठ पर चाकू से हमला कर दिया।हमले में घायल होने के बावजूद आरक्षक राजपाल ने हिम्मत नहीं हारी और थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल व अन्य पुलिसकर्मियों की मदद से युवक को काबू कर उसके हाथ से चाकू छीन लिया। घायल आरक्षक को तत्काल मेदांता अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी पीठ पर तीन टांके लगाए गए। उपचार के बाद उनकी हालत स्वस्थ बताई गई है।वहीं, युवक को भी उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल अरविंदो अस्पताल में उसका मानसिक स्वास्थ्य संबंधी उपचार जारी है। विजय नगर पुलिस की तत्परता और आरक्षक राजपाल सैंधव के साहस से युवक के साथ मौजूद उसकी बहन की सुरक्षा भी सुनिश्चित की गई।
