अवैध शराब तस्करी सिंडिकेट के नेटवर्क और आर्थिक लेन-देन का होगा खुलासा, अब तक 6 आरोपी गिरफ्तार
देवास। खातेगांव के पूर्व थाना प्रभारी (टीआई) दिलीप पुरी गोस्वामी हत्याकांड में देवास पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी और शराब तस्करी सिंडिकेट से जुड़े मनीष जायसवाल को एसआईटी ने गुजरात के वडोदरा से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से पूछताछ के लिए उसे 7 दिनों की पुलिस रिमांड पर सौंप दिया गया है।पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपी से अवैध शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन, सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों और इस हत्याकांड की साजिश से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाने में लगी है।शराब तस्करी रोकने के दौरान हुई थी टीआई की हत्यागौरतलब है कि 1 और 2 नवंबर 2026 की दरमियानी रात इंदौर-बैतूल हाईवे पर अवैध शराब की तस्करी कर रहे एक वाहन को रोकने के दौरान तत्कालीन टीआई दिलीप पुरी गोस्वामी को ट्रक से कुचल दिया गया था, जिससे उनकी मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि ट्रक में करीब 1,800 लीटर अवैध शराब भरी हुई थी, जिसे हरदा जिले के टिमरनी क्षेत्र से लाया जा रहा था।मोहीन जायसवाल की अस्पताल में मौतमामले में एक अन्य फरार आरोपी मोहीन जायसवाल, जो अहमदाबाद का निवासी था और शराब ठेके में 30 प्रतिशत हिस्सेदारी रखता था, की गुजरात के एक अस्पताल में इलाज के दौरान ब्रेन हेमरेज/स्ट्रोक से मौत हो गई। पुलिस टीम अस्पताल में उस पर नजर रखे हुए थी।अब तक 6 आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारीइस हत्याकांड और अवैध शराब तस्करी नेटवर्क की जांच में पुलिस अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें सिंडिकेट का कथित मास्टरमाइंड राहुल जायसवाल और ट्रक चालक गजेंद्र उर्फ अक्कू रावत भी शामिल हैं। पुलिस अब एक अन्य फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।मनीष जायसवाल की गिरफ्तारी और सात दिन की पुलिस रिमांड को इस मामले की जांच में अहम कड़ी माना जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में शराब तस्करी सिंडिकेट के कई बड़े नामों, आर्थिक लेन-देन और पूरे नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण राज सामने आ सकते हैं।
