इंदौर। बोर्ड परीक्षाओं के दौरान रहवासी क्षेत्र में देर रात तक तेज ध्वनि में डीजे बजाना स्कीम नंबर-78 स्थित अपोलो हाई स्ट्रीट के ‘NOTCH’ क्लब संचालकों को महंगा पड़ गया। शिकायत मिलने पर लसूड़िया थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए DJ कंसोल व साउंड सिस्टम जब्त कर लिया।पुलिस उपायुक्त जोन-2 कुमार प्रतीक एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमरेंद्र सिंह के निर्देशन में की गई कार्रवाई में पाया गया कि क्लब में निर्धारित समय सीमा के बाद भी उच्च ध्वनि स्तर पर संगीत बजाया जा रहा था। तेज आवाज के कारण पीछे के आवासीय क्षेत्र में ध्वनि प्रदूषण फैल रहा था, जिससे बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को परेशानी हो रही थी।थाना प्रभारी तारेश सोनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल साउंड बंद करवाया। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर क्लब संचालकों के विरुद्ध कोलाहल अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा अवधि एवं रात्रिकालीन समय सीमा के बाद तेज ध्वनि में साउंड बजाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
