इंदौर। आगामी होली पर्व को ध्यान में रखते हुए शहर की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मायलन लेबोरेट्रीज़ लिमिटेड (वायाट्रिस कंपनी) द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत इंदौर पुलिस कमिश्नरेट को महत्वपूर्ण उपकरण प्रदान किए गए। पुलिस कमिश्नरेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कंपनी ने पुलिस विभाग को अनेक आधुनिक सुरक्षा एवं यातायात संबंधी संसाधन सौंपे।कंपनी द्वारा पुलिस को 125 अवरोधक (बैरिकेड) स्टॉपर, 25 श्वास परीक्षण यंत्र, 20 शरीर पर लगाए जाने वाले कैमरे, 200 संकेतक लाइट तथा 200 यातायात जैकेट उपलब्ध कराए गए। इन उपकरणों के उपयोग से यातायात व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित करने, नशे की स्थिति में वाहन चलाने वालों पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहायता मिलेगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, होली के दौरान ड्यूटी में इन संसाधनों का विशेष रूप से उपयोग किया जाएगा, जिससे त्योहार शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजेश कुमार, पुलिस उपायुक्त (जोन-2) कुमार प्रतीक, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमरेन्द्र सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त पराग सैनी, थाना प्रभारी लसूड़िया सहित कंपनी की प्रबंधन टीम उपस्थित रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने कंपनी के इस सहयोग को सड़क सुरक्षा, पारदर्शी पुलिस व्यवस्था तथा प्रभावी यातायात प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
