इंदौर के धार रोड स्थित ग्राम श्रीराम तलावली में शनिवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब प्लास्टिक दाना बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया और आसमान में काले धुएं का विशाल गुबार फैल गया। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। हालात इतने गंभीर हो गए कि प्रशासन को आसपास का इलाका खाली कराना पड़ा। स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया और लोग घरों से बाहर निकल आए।सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पिछले तीन घंटे से दमकलकर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। आग की लपटें और धुएं के कारण राहत कार्य में भी काफी परेशानी आ रही है। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक होने की आशंका जताई जा रही है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है, हालांकि प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।
