Oplus_131072
दो प्रतिष्ठानों का कारोबार बंद, हाट बाजारों में हल्दी जांच अभियान तेज
इंदौर में खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने गर्मी के मौसम में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों और हाट बाजारों में निरीक्षण कर कुल 12 नमूने जांच के लिए लिए।स्नेहलतागंज स्थित “गुजरात रस” पर निरीक्षण के दौरान मैंगो शेक, शक्कर और खाद्य रंग के नमूने लिए गए। जांच में प्रतिष्ठान का खाद्य पंजीयन स्पष्ट नहीं पाए जाने पर आगामी आदेश तक निर्माण कार्य बंद करा दिया गया।वहीं, चिमन बाग चौराहा स्थित “योगी आमरस भंडार” में वैध खाद्य पंजीयन नहीं मिलने पर मैंगो शेक का कारोबार बंद कराया गया। यहां से भी मैंगो शेक और खाद्य रंग के नमूने जांच के लिए भेजे गए।इसके अलावा सनावदिया, मालवा मिल, मांगलिया और मुसाखेड़ी के हाट बाजारों में हल्दी की गुणवत्ता जांच अभियान चलाया गया। प्रारंभिक जांच में मिलावट सामने नहीं आई है, लेकिन विस्तृत परीक्षण के लिए नमूने भोपाल लैब भेजे गए हैं।कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि बिना वैध लाइसेंस या पंजीयन के खाद्य कारोबार करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आमजन से भी संदिग्ध खाद्य पदार्थों की शिकायत कलेक्टर हेल्पलाइन 0731-181 पर करने की अपील की गई है।
