इंदौर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे राज्यव्यापी योग अभियान के तहत रविवार को केंद्रीय जेल इंदौर में विशेष योग सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश श्री विवेक रूसिया वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में न्यायमूर्ति श्री सुबोध अभ्यंकर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महानिदेशक जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं डॉ. वरुण कपूर (आईपीएस) ने की।योग सत्र में जेल अधीक्षक डॉ. अलका सोनकर, जेल स्टाफ एवं बड़ी संख्या में बंदियों ने भाग लिया। प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्राणायाम, विभिन्न योगासन और ध्यान कराया गया, जिससे बंदियों को मानसिक शांति और शारीरिक स्वास्थ्य का लाभ मिला। कार्यक्रम से प्रदेश की सभी जिला जेलें वर्चुअल माध्यम से जुड़ी रहीं।इस अवसर पर न्यायमूर्ति श्री अभ्यंकर ने जेल में नियमित रूप से संचालित योग कार्यक्रमों की सराहना की। डॉ. वरुण कपूर ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली का आधार बताया। जेल अधीक्षक डॉ. अलका सोनकर ने अतिथियों और योग प्रशिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग बंदियों के सुधार और पुनर्वास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कार्यक्रम में जेल उप अधीक्षक संतोष कुमार लड़िया, इंदर सिंह नागर, भूपेंद्र रघुवंशी, कल्याण अधिकारी अभिषेक डांगी सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
