इंदौर। शहर के जवाहर मार्ग स्थित नंदलालपुरा के पास सोमवार देर शाम एक फर्नीचर शॉप में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि तीन मंजिला दुकान इसकी चपेट में आ गई और लपटें ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गईं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।फायर ब्रिगेड अधिकारियों के मुताबिक घटना शाम करीब साढ़े सात बजे की है। नंदलालपुरा स्थित प्रिंस फर्नीचर में आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल की दो गाड़ियां तत्काल मौके पर भेजी गईं। आग पर काबू पाने के लिए तीन पानी के टैंकर भी बुलाए गए। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद निचले हिस्से की आग पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया, लेकिन ऊपरी मंजिलों में आग बुझाने का काम देर रात तक जारी रहा।आग की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। स्थानीय पार्षद और अन्य जनप्रतिनिधि भी घटनास्थल पर पहुंचे। शुरुआत में लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से ऊपरी हिस्सों में फैल गई। आगजनी में लाखों रुपए का फर्नीचर और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। क्षेत्र में फर्नीचर और फोम से जुड़े कई प्रतिष्ठान हैं। हालांकि, दमकल की टीम ने समय रहते आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया।दोनों ओर का ट्रैफिक रोका गयाआग की गंभीरता को देखते हुए जवाहर मार्ग पर दोनों ओर का यातायात रोक दिया गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए थे, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस और ट्रैफिक विभाग की टीम ने मोर्चा संभालते हुए यातायात को अन्य मार्गों से डायवर्ट किया।आसपास की बिजली बंद की गईआग लगने के बाद पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। इसके चलते जवाहर मार्ग और रानीपुरा इलाके में अंधेरा छा गया। एहतियात के तौर पर बिजली विभाग की टीम के साथ ट्रैफिक पुलिस और पड़ीनाथ व कोतवाली थाना पुलिस भी मौके पर तैनात रही।कुछ समय के लिए विकराल हो गई थी आगजानकारी के मुताबिक आग काफी ऊंचाई तक फैल गई थी, जिससे दमकल कर्मियों को उसे बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आग पर काबू पाने के लिए दुकान के पीछे की गली में भी दमकल की एक गाड़ी तैनात की गई। कुछ समय के लिए आग ने विकराल रूप ले लिया था, जिसके कारण राहत और बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण हो गया। देर रात तक दमकल कर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास में जुटे रहे।
