
इंदौर। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने मिलावट और खाद्य गुणवत्ता की जांच के लिए लगातार अभियान चलाते हुए विभिन्न स्थानों से कुल 23 खाद्य नमूने जांच हेतु संग्रहित किए हैं।विजय नगर स्थित प्रेस्टीज पब्लिक स्कूल की मेस और कैंटीन के निरीक्षण में खाद्य पदार्थों का भंडारण मानकों के अनुरूप नहीं मिला। साथ ही उपयोग किए जा रहे पानी की जांच रिपोर्ट एक वर्ष से अधिक पुरानी पाई गई। यहां से फ्रेंच फ्राइज, तुअर दाल, घी, सोयाबीन तेल, इंस्टेंट खमन मिक्स, रोटी, मिक्स वेज सब्जी और चावल सहित 8 नमूने लिए गए तथा संस्थान को नोटिस जारी किया गया।सीएम हेल्पलाइन पर मिली शिकायतों के आधार पर मानपुर के मुंशी ढाबा से 5, काली बिल्लोद स्थित कृष्णा किराना भंडार से तुअर दाल का 1 तथा बंगाली चौराहा स्थित अंबिका स्वीट्स एंड नमकीन से खीर-पूरी, मिठाई और नमकीन के 7 नमूने लिए गए। वहीं हम्माल कॉलोनी स्थित पूजा श्री से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के 2 नमूने भी जांच के लिए भेजे गए।सभी नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर शिवम वर्मा ने नागरिकों से खाद्य मिलावट या गुणवत्ता संबंधी शिकायतों की सूचना प्रशासन को देने की अपील की है।
