बिहार के समस्तीपुर जिले के शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन पर एक मां की बहादुरी और सूझबूझ ने पांच लोगों की जान बचा ली। रेलवे ट्रैक पार करते समय अचानक तेज रफ्तार मालगाड़ी आ गई। बचने का कोई रास्ता न देखकर मां ने अपने दोनों बच्चों और साथ मौजूद दो अन्य महिलाओं को प्लेटफॉर्म के किनारे की संकरी जगह में लेटने को कहा और खुद उनके ऊपर ढाल बनकर लेट गई। मालगाड़ी उनके बेहद करीब से गुजर गई। घटना में मां को मामूली चोटें आईं, जबकि दोनों बच्चे और दोनों महिलाएं सुरक्षित बच गईं। इस पूरी घटना का वीडियो वायरल होने के बाद लोग मां के साहस और त्वरित निर्णय की जमकर सराहना कर रहे हैं।
