बड़वानी। जिले के ठीकरी थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शादीशुदा महिला और उसके परिचित युवक को कथित प्रेम प्रसंग के शक में ग्रामीणों ने पकड़ लिया। आरोप है कि दोनों को रस्सी से बांधकर करीब एक किलोमीटर तक गांव में जुलूस निकालते हुए घुमाया गया।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला व युवक को ग्रामीणों के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकालकर थाने ले गई। घटना के दौरान दोनों के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किए जाने की भी बात सामने आई है।पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने की चर्चा है, हालांकि पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है। अधिकारियों ने लोगों से कानून अपने हाथ में न लेने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
