इंदौर के विजयनगर थाना क्षेत्र स्थित HDFC बैंक के बाहर मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो के सामने आने के बाद विजयनगर थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। विजयनगर थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मारपीट करने वाले सभी लोग टी-लॉजिक कंपनी के आपस के पार्टनर्स हैं। बैंक के बाहर किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हुआ, जो बाद में मारपीट में बदल गया। पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी फुटेज मंगवाकर उनकी जांच शुरू कर दी है। साथ ही पार्टनर्स से पूछताछ की जा रही है और विवाद की वजह, लेन-देन व आपसी हिसाब-किताब से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर भी पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों और साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
