नई दिल्ली। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के स्वरूप नगर की खड्डा कॉलोनी में रविवार को एक गोदाम-कम-फैक्टरी में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग फैक्टरी की ग्राउंड और पहली मंजिल पर लगी थी। यहां जूडो ड्रेस और बॉक्सिंग ग्लव्स बनाए जाते थे। आग की तेज लपटें और घना धुआं देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सामने की इमारत में मौजूद महिलाओं और बच्चों समेत छह लोगों ने घबराकर नीचे छलांग लगा दी, जिससे वे घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 15 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आग से बचने के लिए लोगों को इमारत से कूदते देखा जा सकता है।
